न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला खलारी थाना क्षेत्र का है. यहां एक महिला अचानक गायब हो गयी. इसके बाद महिला के पिता ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया और उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया, लेकिन जांच के क्रम में वह महिला जिंदा सकुशल गुजरात से बरामद की गयी. महिला की पहचान खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरी दक्षिणी बस्ती निवासी सामु महतो की 36 वर्षीय पत्नी विनी देवी उर्फ वीणा देवी के रूप में हुई है.
ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित
इस संबंध वीणा देवी ने बताया कि सामु महतो से करीब 16 साल पहले उनकी शादी हुई थी. उनके दो बच्चे भी हैं. महिला ने कहा कि वह अपने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आ गयी थी. और इस प्रताड़ना से मुक्त होने के लिए वह घर छोड़ गुजरात भाग गयी थी. इसकी जानकारी न तो महिला के ससुराल में किसी को थी, न ही उसके मायके वालों को इसकी जानकारी थी. वीणा देवी ने यह भी साफ़ किया कि उसके घर से भागने की वजह कोई अवैध संबंध या पुरुष मित्र नहीं था.
पिता ने दर्ज कराया बेटी की हत्या का केस
बेटी के अचानक गायब होने पर वीणा देवी के पिता ने बेटी की हत्या कर शव छुपाने की आशंका जताते हुए पुलिस में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत के आधार पर खलारी थाना पुलिस ने महिला के पति सामु महतो, अनिकेत यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
गुजरात में नौकरी खोज रही थी महिला
जांच के दौरान महिला के फ़ोन नंबर की सहायता से वीणा देवी का लोकेशन गुजरात के सूरत में मिला. इसके बाद झारखंड पुलिस महिला की तलाश में गुजरात पहुंची, जहां गुजरात पुलिस के सहयोग से महिला की तलाश शुरू की गयी. इसी बीच पता चला कि वीणा देवी ने नौकरी की तलाश में एक कंपनी में कॉल किया था. पुलिस ने उस कंपनी के साथ मिलकर महिला के लिए जाल बिछाया और उसे मिलने के लिए बुलाया. महिला के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उसे धर-दबोचा और थाना ले आई.
पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह ससुराल वालों के मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर घर से भाग गयी थी. वह बीते 20 दिनों से सूरत में थी और दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह अपना गुजारा कर रही थी. साथ ही अपने लिए किसी नौकरी की भी तलाश कर रही थी.
इसे भी पढ़ें: कांके रोड स्थित रॉक गार्डन के पास भरी दोपहरी एक युवक का अपहरण, पुलिस ने दो घंटे के भीतर सकुशल छुड़ाया, 5 गिरफ्तार