न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जोरदार तेजी के साथ शुरुआत की. भारत-अमेरिका ट्रेड डील के फ्रेमवर्क की तस्वीर साफ होते ही निवेशकों का भरोसा बढ़ा और इसका सीधा असर बाजार पर दिखा. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 84,000 के अहम स्तर के पार निकल गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26,000 के करीब पहुंच गया.
सेंसेक्स-निफ्टी की तूफानी ओपनिंग
सोमवार को सेंसेक्स अपने पिछले बंद 83,580.40 के मुकाबले करीब 600 अंकों की छलांग लगाकर 84,177 पर खुला. शुरुआती मिनटों में ही इसमें और तेजी आई और यह 700 अंकों से ज्यादा चढ़कर 84,314.68 के स्तर तक पहुंच गया. वहीं निफ्टी ने भी मजबूती दिखाई और शुक्रवार के बंद 25,693.70 के मुकाबले उछलकर 25,888.70 पर खुला. कुछ ही देर में निफ्टी 25,922 के स्तर तक पहुंच गया.
खुलते ही दौड़े दिग्गज शेयर
बाजार की इस तेजी में बैंकिंग, मेटल और आईटी सेक्टर के शेयर सबसे आगे रहे. लार्जकैप शेयरों में SBI करीब 6% से ज्यादा की बढ़त के साथ, Titan करीब 2%, Eternal, Kotak Bank और Tata Steel 1-1.5% की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे. आईटी सेक्टर में TCS, HCL Tech और Infosys जैसे दिग्गज शेयर भी हरे निशान में रहे. इसके अलावा रिलायंस, बीईएल जैसे बड़े शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली.
मिडकैप सेगमेंट में Godrej Properties करीब 5%, Bharat Forge और Policy Bazaar करीब 2% की मजबूती के साथ ट्रेड करते नजर आए. वहीं BHEL के शेयरों में भी करीब 2% की तेजी रही. स्मॉलकैप में Hindustan Copper 4% से ज्यादा चढ़ा, जबकि Poonawalla के शेयरों में करीब 2.5% की बढ़त देखने को मिली.
भारतीय बाजार को मजबूती का सपोर्ट ग्लोबल मार्केट्स से भी मिला. अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए थे. सोमवार को एशियाई बाजारों में भी रैली देखने को मिली. जापान का निक्केई करीब 5% की उछाल के साथ 56,600 के ऊपर ट्रेड करता दिखा. हांगकांग का हैंगसेंग 1.5% चढ़कर 26,950 के आसपास रहा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 4% की तेजी के साथ कारोबार करता नजर आया.
ट्रेड डील फ्रेमवर्क से बढ़ा भरोसा
विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत-अमेरिका ट्रेड डील के फ्रेमवर्क के सामने आने से बाजार को यह साफ होने लगा है कि इस समझौते से किन सेक्टरों को फायदा और किन पर असर पड़ेगा. डील के तहत कई उत्पादों पर जीरो टैरिफ, कुछ पर टैरिफ में कटौती और अमेरिका की ओर से भारत पर लागू रेसिप्रोकल टैरिफ को 18% तक सीमित करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं. इसी भरोसे के चलते पिछले सप्ताह भी बाजार में जोरदार तेजी रही थी और सेंसेक्स करीब 2,800 अंकों की बढ़त में रहा. टॉप-10 कंपनियों की मार्केट वैल्यू में भी सामूहिक रूप से लाखों करोड़ रुपये का इजाफा हुआ था.
Disclaimer: निवेश से पहले जोखिम को समझना जरूरी हैं. किसी भी तरह का निवेश निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या मार्केट एक्सपर्ट की राय जरूर लें.
यह भी पढ़े: दिल्ली में एक साथ 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर