न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा जिला के रजौली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 07 स्थित बभनटोली मोहल्ले में एक घर से विषैले सांप को वन विभाग के कर्मियों ने रेस्क्यू किया. यह घटना एक ऐसे घर में हुई, जहां शादी समारोह होना है. बभनटोली निवासी योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि उनके घर में 'गेहूमन' नामक एक विषैला सांप घुस आया था. घर में शादी की तैयारियों के चलते काफी लोग मौजूद थे. इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर सांप पर पड़ी, जिससे घर में हड़कंप मच गया.
तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के रेंजर नारायण लाल सेवक को दी गई. सूचना मिलने पर वनरक्षी सुग्रीव कुमार, रंजन कुमार और संजीत कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घर के अंदर बिल में घुसे सांप को सफलतापूर्वक बाहर निकाला. सांप के रेस्क्यू होने के बाद घर के सदस्यों ने राहत की सांस ली और अपने दैनिक कार्यों में जुट गए.
इस संबंध में रेंजर नारायण लाल सेवक ने लोगों को सलाह दी कि यदि उनके घर में सांप घुस आए तो घबराएं नहीं. कमरे से बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दें. उन्होंने कहा कि चिल्लाने या भागने से कोई फायदा नहीं होगा और सांप को छेड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें. रेंजर ने आगे बताया कि सांप को डंडे से भगाने का प्रयास किया जा सकता है, और यदि वह डंडे पर लिपट जाए तो उसे बाहर ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दें. यदि यह संभव न हो तो घर में केरोसिन तेल या फिनायल का छिड़काव करें, क्योंकि सांपों को इनकी गंध पसंद नहीं आती और वे वहां से चले जाते है.
यह भी पढ़े: सीतामढ़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार