न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: देश आज 77वें गणतंत्र दिवस को पूरे गौरव, उत्साह और संवैधानिक मर्यादा के साथ मना रहा हैं. बिहार की राजधानी पटना में इस राष्ट्रीय पर्व का मुख्य आयोजन ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुआ, जहां सुबह राज्यपाल मो. आरिफ खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के साथ ही तिरंगे को सलामी दी गई और पूरा गांधी मैदान राष्ट्रगान की गूंज से देशभक्ति के रंग में रंग गया.
राज्य के शीर्ष नेतृत्व की रही मौजूदगी
गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर संविधान के प्रति निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया.
अनुशासन की मिसाल बनी परेड
ध्वजारोहण के बाद 21 टुकड़ियों की भव्य परेड का आयोजन किया गया. पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का शानदार प्रदर्शन किया. परेड ने दर्शकों का मन मोह लिया और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया.
झांकियों में दिखी बिहार की विकास यात्रा
समारोह की खास आकर्षण रहीं राज्य सरकार के 12 विभागों की झांकियां. इन झांकियों के माध्यम से बिहार की विकास योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया. झांकियों ने राज्य की प्रगति और भविष्य की दिशा को जीवंत रूप में दर्शाया.
कड़े सुरक्षा इंतजाम, हर गतिविधि पर नजर
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को चार सेक्टर में बांटा गया था. करीब 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई, जबकि महिला बल, लाठी बल और अतिरिक्त पुलिस फोर्स को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई. पूरे आयोजन क्षेत्र की निगरानी 128 सीसीटीवी कैमरों के जरिए की गई, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई.
विधानसभा और विधान परिषद में भी फहराया तिरंगा
गांधी मैदान के साथ-साथ राज्य के सत्ता केंद्रों में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया. बिहार विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने ध्वजारोहण किया, जबकि विधान परिषद में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी.
पूरे बिहार में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. 77वें गणतंत्र दिवस ने एक बार फिर लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति जनता की आस्था को मजबूत किया और देशभक्ति का संदेश दिया.
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने किया झंडोत्तोलन

आज गणतंत्र दिवस के मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास यानी वन पोलो रोड में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झंडोत्तोलन किया.
पुलिस मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार पुलिस मुख्यालय में भव्य झंडोत्तोलन समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने तिरंगा फहराया और पुलिसकर्मियों को संबोधित किया.
अपने संबोधन में गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिहार पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. कार्यक्रम के दौरान डीजीपी विनय कुमार सहित पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे. समारोह में राष्ट्रीय एकता, संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया गया.
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीजेपी बिहार प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर बीजेपी बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तिरंगा फहराया, जहां पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी. कार्यक्रम में बिहार के गृह मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे. इसके अलावा बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता समारोह में शामिल हुए.
तिरंगा फहराने के बाद अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने देशवासियों और बिहारवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता.
यह भी पढ़े: Republic Day 2026: रांची में धूमधाम से मनाया जा रहा 77वां गणतंत्र दिवस, शहरभर में देशभक्ति का माहौल