दिवाकर कुमार/न्यूज11 भारत
मुंगेर/डेस्क: मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र से बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. वार्ड नंबर 28 बेलन बाजार, श्रीकृष्णा रोड स्थित एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की यह घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
पीड़िता हेमा सिन्हा ने बताया कि उनके पिता के निधन के कारण पूरा परिवार 15 जनवरी को हावड़ा चला गया था. इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जिसके बाद उनकी भाभी किरण सिन्हा ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी, जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. 7 फरवरी को जब परिवार हावड़ा से लौटकर मुंगेर पहुंचा, तो घर में रखे सभी जेवरात गायब थे. चोरों ने दो सोने के सेट, सोने की चेन, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, नथ के अलावा बड़ी मात्रा में चांदी के पायल, पाजेब, मूर्तियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. कुल चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है.
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर रात में घर में घुसे और 3 घंटे के बाद बाहर निकले. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है. कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कश्यप ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: मुंगेर में जीएनएम की एक छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता, 18 जनवरी के बाद से नहीं है कोई सुराग, अनहोनी की आशंका