प्रवीण दूबे/न्यूज11 भारत
जमुई/डेस्क: जिले के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत नागी डैम से शिक्षक और उनके पुत्र का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, बाराजोर निवासी शिक्षक इकबाल अंसारी अपने पुत्र अरहान अंसारी के साथ रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटे. इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, पर कोई सुराग नहीं मिला.
घंटों तलाश के बाद दोपहर करीब 1 बजे स्थानीय लोगों को नागी डैम में शव दिखाई देने की सूचना मिली. सूचना पर झाझा थाना पुलिस, DIU टीम और परिजन मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को डैम से बाहर निकाला गया.घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में संदेह भी जताया जा रहा है. उनका कहना है कि मामला सिर्फ डूबने का नहीं हो सकता, बल्कि इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए.वहीं झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि पुत्र किसी कारणवश पानी में चला गया होगा और उसे बचाने के प्रयास में पिता भी डैम में उतर गए, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: चिकसील बाजार में डकैतों का आतंक, 20 लाख के आभूषण लूटे; व्यवसाइयों में आक्रोश, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी