इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी स्ट्राइक, 6 बाइकों पर लदी 2460 बोतल शराब जब्त, ...

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी स्ट्राइक, 6 बाइकों पर लदी 2460 बोतल शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, 4 फरार

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB ने बड़ी कार्रवाई कर 2460 बोतल नेपाली शराब और 6 बाइक जब्त की हैं। मौके से दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि चार अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर ssb की बड़ी स्ट्राइक 6 बाइकों पर लदी 2460 बोतल शराब जब्त दो तस्कर गिरफ्तार 4 फरार

सांकेतिक |

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 51वीं बटालियन को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सीतामढ़ी ज़िला के सुरसंड सीमा क्षेत्र में रविवार तड़के की गई एक बड़ी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 2460 बोतल नेपाली देसी शराब और तस्करी में इस्तेमाल हो रही 6 मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। मौके से दो तस्करों को भी दबोचा गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

खुफिया इनपुट पर पिलर संख्या 304/1 के पास बिछाया गया जाल

सुरसंड कैंप में तैनात 51वीं बटालियन के जवानों को खुफिया सूत्रों से सटीक जानकारी मिली थी कि नेपाल के रास्ते भारतीय सीमा में शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। इस इनपुट पर तुरंत एक्शन लेते हुए अंतरराष्ट्रीय पिलर संख्या 304/1 के पास, भारतीय क्षेत्र के अंदर लगभग 400 मीटर की दूरी पर एसएसबी जवानों ने विशेष नाकेबंदी कर दी।

रोकने का इशारा किया तो बाइक छोड़कर भागे तस्कर

नाकेबंदी के दौरान जवानों ने नेपाल की तरफ से आ रहे बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। सुरक्षाबलों को सामने देख तस्करों में हड़कंप मच गया। जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और 300 एमएल वाली कुल 2460 बोतलें (लगभग 738 लीटर) देसी शराब बरामद कर ली।

दो आरोपी दबोचे गए, चार की तलाश जारी

इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बथनाहा थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव के रहने वाले किशोर महतो और बाजपट्टी थाना इलाके के मधुवन बाजार निवासी सरोज कुमार के रूप में हुई है। वहीं, इनके चार अन्य साथी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर अपनी गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बिना नंबर वाली गाड़ियों समेत 6 मोटरसाइकिलें जब्त

एसएसबी ने तस्करों के पास से कुल 6 बाइक जब्त की हैं, जिनमें से दो मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। बाकी गाड़ियों के नंबर BR06BK-5391, BR06AZ-4360, BR06BR-9667 और BR06Q-5997 दर्ज पाए गए हैं।

संयुक्त टीम ने संभाली कमान, सुरसंड पुलिस को सौंपा मामला

इस सफल ऑपरेशन को एसएसबी के सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रभात राय और एएसआई नुमल तिमसिना के साथ-साथ जवान अभय नारायण प्रसाद, यदीप एमबी, ओमप्रकाश, कुंताला सुकुमार और छन्नूराम शौरी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त की गई शराब, सभी छह बाइक और गिरफ्तार दोनों तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई और एफआईआर के लिए स्थानीय सुरसंड थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

प्रमुख खबरें