न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड की राजनीति और कानूनी गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे की वजहों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
राजीव रंजन पिछले कई वर्षों से झारखंड सरकार के महाधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और राज्य सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में अदालतों के समक्ष सरकार का पक्ष रखते रहे हैं. उनके इस्तीफे की खबर के बाद राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.
महाधिवक्ता का पद किसी भी राज्य की कानूनी व्यवस्था और रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में अब सभी की नजरें राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि सरकार इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी किसे सौंपती है. फिलहाल सरकार की ओर से न तो इस्तीफा स्वीकार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि की गई है और न ही नए महाधिवक्ता के नाम को लेकर कोई संकेत दिया गया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस संबंध में औपचारिक घोषणा की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: रांची: 12 वर्षीय जुड़वां भाई करण-अर्जुन 1 जून से लापता, सुराग देने वाले को मिलेगा ₹50 हजार का इनाम