राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: आमस थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. वाराणसी से बोधगया आ रही एक टूरिस्ट बस चालक को झपकी लगने के कारण अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे के वक्त बस में करीब 20 पर्यटक सवार थे.
थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि सिमरी गांव के पास चालक की आंख लग गई, जिससे तेज रफ्तार बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आमस भेजा गया.
सीएचसी आमस के चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि 22 वर्षीय दावा शेरदा, 50 वर्षीय कारमा चोफेज, 23 वर्षीय कारमा दोरजी लामा और 24 वर्षीय हम बहादुर सहित कुल छह लोगों को इलाज के लिए लाया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है. फिलहाल सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: नवादा में 8 माह की गर्भवती से दुष्कर्म, शौच गई महिला को चचेरे भैसुर ने जमीन पर पटका