न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली से मेरठ तक चलने वाली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) ने अपने पहले पूर्ण कमर्शियल दिन पर ही नया रिकॉर्ड बनाया. NCRTC के अनुसार, रात 10 बजे तक इस ट्रेन प्रणाली पर कुल एक लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया. यह संख्या अब तक की सबसे अधिक दैनिक राइडरशिप के रूप में दर्ज की गई हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने किया उद्घाटन
यह रिकॉर्ड उस दिन बना, जब एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर और नए मेरठ मेट्रो लिंक का औपचारिक उद्घाटन किया था. उद्घाटन के बाद यह पहला पूरा कमर्शियल रन था, जिसमें यात्रियों ने उत्साहपूर्वक सफर किया.
यात्रियों का उत्साह और स्टेशन की हलचल
मेरठ के बेगमपुल स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ देखने को मिली. कई परिवार और युवा सेल्फी लेते नजर आए. कुछ यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर फूलों की पंखुड़ियां बिखेरीं, जबकि कई ने हाथ हिलाकर स्वागत किया. टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर कतारें सुव्यवस्थित रही. स्टेशन स्टाफ ने पहली बार यात्रा करने वालों को सुरक्षा नियम और यात्रा की जानकारी दी.
तेज रफ्तार और सुविधा
नमो भारत RRTS प्रणाली को 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया हैं. इसका उद्देश्य दिल्ली, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों के बीच यात्रा समय को काफी कम करना हैं.
नई सुविधा और विस्तार खंड
रविवार को उद्घाटन के दौरान दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का विस्तार खंड शामिल किया गया. अब यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का लाभ मिलेगा. पहले दिन यात्रा करने वाले लोगों ने इस नए कॉरिडोर की सुविधा और समय बचाने की क्षमता की सराहना की. NCRTC ने भी बताया कि अब तक की सबसे अधिक राइडरशिप दर्ज होने के बाद भविष्य में और अधिक संख्या में यात्रियों के आने की उम्मीद हैं.
यह भी पढ़े: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का पांचवां दिन, आज पेश होगा 2026-27 का बजट