राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: शहर के श्रीराम मंदिर के समीप स्थित ट्रांसफार्मर में रविवार सुबह करीब छह बजे अचानक बुश ब्लास्ट होने से इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. इसके कारण उससे जुड़े उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात यह हो गए कि लोग पेयजल के लिए भी तरस गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई. बिजली नहीं रहने से घरों में लगे मोटर पंप बंद हो गए, जिससे जलापूर्ति बाधित हो गई. दिन चढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती गई.
उपभोक्ताओं का कहना है कि घटना के तुरंत बाद ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को इसकी सूचना दे दी गई थी. इसके बावजूद करीब दस घंटे बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया. इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
स्थानीय निवासी बताते हैं कि बिजली नहीं रहने से छोटे व्यवसाय, घरेलू कार्य और दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.
लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी त्वरित कार्रवाई नहीं होना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है. उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली बहाल नहीं की गई और कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी.
क्या कहते हैं उपभोक्ता
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हर बार इस तरह की घटनाओं में विभाग की सुस्ती सामने आती है. समय पर मरम्मत नहीं होने से आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
प्रशासन से अपेक्षा
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग की लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो और आम जनता को राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: जेनरेटर होने के बावजूद शेरघाटी अस्पताल में अंधेरा, प्रसूताएं बेहाल