इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बैजनाथपुर थाना पुलिस ने 126 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-107 पर बैजनाथपुर चौक, पुराने थाना भवन के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान उजले रंग की टाटा बैलेनो कार संख्या BR-01ES0201 को रोका गया. पुलिस को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान कार से WISCOF ब्रांड के कोडीन युक्त कफ सिरप की पांच पीली बोरी और दो कार्टन बरामद किए गए, जिनमें कुल 126 लीटर कफ सिरप था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव कुमार और संदीप कुमार, निवासी मधेपुरा के रूप में हुई है.
इस मामले में बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 20/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/21(सी) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: नगर निगम वार्ड 39 के पार्षद पति के घर बम हमला, वीडियो वायरल होते ही तीन आरोपी गिरफ्तार