दिवाकर कुमार/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: मुंगेर में चोरी के जेवरात की बरामदगी के लिए पुलिस ने बेकापुर जुबलीवेल चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर बीती रात छापेमारी की. कासिम बाजार और कोतवाली थाना की संयुक्त टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में देर शाम तक चलने वाली इस कार्रवाई की पूरी वीडियोग्राफी कराई. दुकान के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए लेकिन पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी के परिणाम पर फिलहाल कुछ भी बताने से इंकार किया है.
मामला 25 नवंबर से जुड़ा है, जब बेलन बाजार निवासी उपेन्द्र शर्मा के बंद घर से करीब 10 लाख के जेवरात, लैपटॉप और नकदी की चोरी हुई थी. परिवार शादी में गया था और लौटने पर दो कमरों का सामान बिखरा मिला. शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी और एक चोर की गिरफ्तारी हुई. पूछताछ में उसने चोरी का सामान इसी ज्वेलरी दुकान में बेचने की बात कबूल की. इसी निशानदेही पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की, जहां अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह जांचते रहे कि क्या आरोपी चोरी के गहने लेकर यहां पहुंचा था. कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले है. अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी जारी है और बहुत जल्द चोरी के इस बड़े मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़े: नालंदा: हथियार तस्करी मामले में पटना एसटीएफ ने सुबह-सुबह की छापेमारी, कोई बरामदगी नहीं