न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: जनता दल (यू) बिहार प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं धारदार बनाने को लेकर बुधवार को प्रदेश कार्यालय, पटना में पार्टी के नेता निशांत कुमार ने सारण कमिश्नरी के तीन महत्वपूर्ण जिलों गोपालगंज, सिवान एवं छपरा के जिलाध्यक्षों तथा संबंधित जिलों के प्रखंड अध्यक्षों के साथ गहन विचार विमर्श किया. इस मौके पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधीजी’, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा सहित सारण के जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, गोपालगंज के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल एवं सिवान के जिलाध्यक्ष विकास कुमार उर्फ जीशू सिंह उपस्थित रहे.
पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे तथा जिस प्रकार उनके पिताजी ने सदैव पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाया, उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे भी सभी वरिष्ठ नेताओं तथा जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का काम करेंगे.
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पिताजी पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बनाए रखा है, उन्हें पूर्ण भरोसा है कि वही स्नेह और समर्थन आगे भी उन्हें प्राप्त होगा. उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान उनके पिताजी द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों को बुकलेट के माध्यम से घर घर तक पहुँचाया जाए. विशेष रूप से वर्ष 2005 के बाद बिहार में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है, ताकि जनता इन बदलावों से भली भांति अवगत हो सके. इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार को चौथी बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भी बधाई एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं.
उन्होंने अंत में कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से ही बनती है, इसलिए सभी प्रखंड अध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से संवाद बढ़ाएँ और पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों को जन जन तक पहुँचाने का कार्य करें. बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा पार्टी को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. इस अवसर पर उपस्थित जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपने अपने जिलों की संगठनात्मक स्थिति से निशांत कुमार को अवगत कराया. सभी ने अपनी राय रखते हुए जिला संगठन में कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय करने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें- बिजली दर वृद्धि पर भाजपा का हमला: आम आदमी पर बोझ बढ़ा रही है हेमंत सरकार: अजय साह