न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को अवैध हथियार और गोला-बारूद तस्करी के आरोप में बड़ी कार्रवाई की. बिहार के सात स्थानों सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कुल 22 जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी, डिजिटल उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए.
एनआईए सूत्रों के अनुसार, यह जांच दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से जुड़े संभावित आरोपियों के नेटवर्क तक भी पहुंच रही हैं. एजेंसी का कहना है कि गिरफ्तार चारों आरोपी पटना से शशि प्रकाश, शेखपुरा से रवि रंजन सिंह और हरियाणा के कुरुक्षेत्र से विजय कालरा और कुश कालरा अवैध हथियार और गोला-बारूद की तस्करी में शामिल एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं. यह नेटवर्क हरियाणा, यूपी और बिहार सहित अन्य राज्यों में हथियारों की आपूर्ति और बिक्री करता था.
एनआईए की 22 टीमों ने बिहार में नालंदा, शेखपुरा और पटना के 7 स्थानों, उत्तर प्रदेश के औरैया में 13 स्थानों और हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 2 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई हाल ही में पटना जोनल ऑफिस में दर्ज की गई FIR के आधार पर की गई, जिसमें अवैध हथियारों की सप्लाई और संदिग्ध नेटवर्क की जांच की जा रही थी. एनआईए के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच संभावित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तत्वों तक भी पहुंच रही हैं. शुरुआती सुरागों के आधार पर दिल्ली ब्लास्ट के संदिग्ध आरोपी और गिरफ्तार व्यक्तियों के कनेक्शन की भी छानबीन की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दो इंडिगो फ्लाइट रद्द