न्यूज11 भारत
सुपौल/डेस्क: सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहागपुर में दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के मौजहा वार्ड संख्या-06, थाना किशनपुर, जिला सुपौल निवासी 23 वर्षीय राजकुमार यादव (पिता- रामदत्त यादव) और 24 वर्षीय नीतीश कुमार यादव (पिता- इंद्रदेव यादव) के रूप में की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से किसी काम से निकले थे. इसी दौरान सोहागपुर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार स्वभाव के थे और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी. उनकी असामयिक मौत से गांव को अपूरणीय क्षति हुई है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है. वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल किशनपुर थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
यह भी पढ़ें: लातेहार में आवासीय विद्यालय के छात्र की मौत, परिजनों ने स्कूल संचालक पर लगाया लापरवाही का आरोप