अमन/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मुखिया, उप मुखिया और पूर्व वार्ड पार्षद सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना शाहपुर के निकट तब हुई जब सभी लोग मुंगेर से एक श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर अपने गांव मिल्की लौट रहे थे.
जानकारी के अनुसार, घायलों में हाजीपुर पंचायत के मुखिया, उप मुखिया और पूर्व वार्ड पार्षद शामिल है. सदानंद कुमार ने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को एक ट्रक ने चकमा दे दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में बौद्ध चौधरी, अशोक चौधरी, रामदेव यादव, सुनील यादव, बलवीर यादव और विकास सहित कुल 10 लोग जख्मी हुए है. इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी के चारों एयरबैग खुल गए और गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण उसकी सीटें भी उखड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़े: सहरसा में कीटनाशक सेवन से तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर, इलाके में मचा हड़कंप