राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: छकरबंधा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंकणा में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में छकरबंधा थाना कांड संख्या 03/26, 14 फरवरी 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ii), 18(ii), 27(ii) एवं 29 के तहत दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों पर अवैध रूप से अफीम की खेती करने का गंभीर आरोप है. गिरफ्तार आरोपितों में अशोक सिंह भोक्ता (पिता- छठन सिंह भोक्ता), सुनील सिंह भोक्ता (पिता- कामदेव सिंह भोक्ता) तथा विनोद सिंह भोक्ता (पिता- परीखा सिंह भोक्ता) शामिल है. तीनों ग्राम कोंकणा, थाना छकरबंधा, जिला गया के निवासी बताए गए है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी दल का गठन कर मौके पर कार्रवाई की गई. जांच के दौरान खेत में अफीम की फसल मिलने की पुष्टि हुई. इसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. इस अवैध गतिविधि में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती है. इधर, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़े: कैमूर में होली पर्व को लेकर दुर्गावती पुलिस ने चलाया शराब जांच अभियान, 3 महिला गिरफ्तार