इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जहां नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. उपमहानिरीक्षक स्तर पर विशेष व्यवस्था तैयार की गई है और इसकी कमान एस.आई. गजेंद्र सिंह को सौंपी गई है.
शराबबंदी के बाद बिहार में सूखे नशे का चलन तेजी से बढ़ा है. शहरों से लेकर गांवों तक युवा इसकी गिरफ्त में आते जा रहे हैं, जिससे सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं. इसी चुनौती को देखते हुए कोशी क्षेत्र के आईजी कुमार आशीष ने ‘नशा मुक्त कोशी अभियान’ की शुरुआत की है.
इस अभियान के तहत एक स्पेशल हेल्पलाइन सेंटर स्थापित किया गया है, जहां आम लोग नशे से जुड़ी जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे. इसके लिए मोबाइल नंबर 9060384865 जारी किया गया है.
यह हेल्पलाइन सुपौल, मधेपुरा और सहरसा जिलों के लोगों के लिए सक्रिय रहेगी. कोई भी व्यक्ति अपने क्षेत्र में चल रहे नशे के कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों या युवाओं को फंसाने वाले गिरोहों की सूचना इस नंबर पर दे सकता है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जागरूकता, निगरानी और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से कोशी क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और समाज को सुरक्षित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं
यह भी पढ़ें: Samastipur Breaking: बेखौफ अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में दुकानदार को बंधक बना कर की करोड़ों की लूट