न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र नाथ ठाकुर, उनके पुत्र एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल कुमार तथा अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और राजद नेत्री नीलम परवीन को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई. उनके साथ हजारों समर्थकों ने भी कांग्रेस का दामन थामा.
जयचंदों से देश को खतरा: कृष्णा अल्लावारू
कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि देश की गोपनीय सूचनाएं और राष्ट्रीय संपत्तियां बाहरी शक्तियों के हाथों सौंपने का काम किया जा रहा है, जिससे देश की संप्रभुता खतरे में है. उन्होंने आरोप लगाया कि आईटी सेक्टर से लेकर खेती तक की नीतियां देशहित के विरुद्ध बनाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि युवा, किसान और समाज के सभी वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान हैं और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं. नए नेताओं के जुड़ने से सामाजिक न्याय की लड़ाई और मजबूत होगी.
महिलाओं की सुरक्षा खतरे में: राजेश राम
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार की वर्तमान सरकार महिलाओं को ऋण के जाल में फंसा रही है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ग्रामीण और शहरी महिलाएं परेशान हैं, लेकिन सरकार मौन है. उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए सभी नए साथियों का स्वागत किया और कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय की लड़ाई को और तेज करेगी.
ये भी पढ़ें- इंडिया एआई एक्सपो में बिहार सरकार के साथ 468 करोड़ का एमओयू