राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: इमामगंज प्रखंड अंतर्गत कोठी गांव के रहने वाले युवा क्रिकेटर शोएब खान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जिले का नाम रोशन किया है. शोएब का चयन यूएई की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में हुआ है और वे आगामी T20 वर्ल्ड कप में यूएई का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है.
ILT-20 में शोएब नए किया था कमाल का प्रदर्शन
हाल ही में शोएब खान ने यूएई की प्रतिष्ठित डेवलपमेंट लीग ILT-20 में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था. बिहार रणजी टीम में अवसर न मिलने से निराश होकर शोएब ने दुबई का रुख किया, जहां उन्होंने लगातार संघर्ष और मेहनत के बल पर खुद को साबित किया. इस दौरान उन्हें बड़े भाई अल्तमस खान, मामा मुन्ना खान तथा चचेरे नाना अभिनेता अली खान का भरपूर सहयोग मिला.
दुबई और शारजाह के तरफ से शोएब ने की है कमाल की बल्लेबाजी
दुबई और शारजाह के विभिन्न क्लबों के लिए खेलते हुए शोएब ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और एक प्रोफेशनल क्रिकेटर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी इसी निरंतर मेहनत का परिणाम है कि आज वे यूएई की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने में सफल हुए हैं. बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को यूएई और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मुकाबले में शोएब खान यूएई की ओर से मैदान में उतरेंगे. क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शोएब अपने बल्ले से चौके-छक्कों की बरसात कर टीम को मजबूती प्रदान करेंगे.
गया जी से हुई है शोएब खान की प्रारंभिक शिक्षा
शोएब खान की प्रारंभिक शिक्षा गया जी में हुई, इसके बाद उन्होंने दिल्ली से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की. बिहार रणजी टीम में चयन के लिए उन्होंने प्रयास किया, लेकिन कोरोना काल के कारण उन्हें घर लौटना पड़ा. इसी दौरान यूएई क्रिकेट टीम में वैकेंसी निकलने पर उन्होंने दुबई जाकर किस्मत आजमाई और कठिन मेहनत के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बना ली. हालांकि शोएब खान को भारत की ओर से नहीं, बल्कि यूएई की टीम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अवसर मिला है, फिर भी उनकी इस उपलब्धि से कोठी गांव सहित पूरे इमामगंज प्रखंड में गर्व और उत्साह का माहौल है.
यह भी पढ़ें: नवादा के गांधी इंटर विद्यालय में जूता पहनकर आने पर नो एंट्री, छात्रों ने कक्षा के बाहर उतारे जूते