नमो नारायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार में दिनदहाड़े करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की चोरी से हड़कंप मच गया. बाइक की डिक्की से मास्टर चाबी के जरिए गहने उड़ाकर बदमाश फरार हो गए. घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है. इंद्रपट्टी गांव निवासी ज्वेलरी दुकानदार मनोज वर्मा अपनी दुकान पर साफ-सफाई कर रहे थे.
इसी दौरान उन्होंने कीमती सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग अपनी बाइक की डिक्की में रखा था. तभी बाइक सवार दो अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और मास्टर चाबी से डिक्की खोलकर गहनों से भरा सामान लेकर फरार हो गए. वारदात इतनी शातिराना तरीके से की गई कि दुकानदार को इसकी भनक तक नहीं लगी. चोरी गए गहनों में मंगलसूत्र, हार, पायल, बिछिया, कान की बाली और टॉप्स समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद पंचदेवरी पिकेट प्रभारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है. दुकानदार के द्वारा बताया गया कि “करीब 10 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं. रोज की तरह गहने बाइक की डिक्की में रखे थे. कुछ ही मिनट में चोरी हो गई.”
बताया जा रहा है कि दुकानदार रोजाना गहने घर से लाकर दुकान में रखते थे. आशंका है कि बदमाश पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार के व्यापारियों में भय का माहौल है. स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है.
यह भी पढ़ें: कैमूर में अवैध हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई