न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अभिषेक राज/गया जी: खिजरसराय के कुड़वां और पथरा गांव में हुई अलग-अलग घटनाओं को लेकर जमुई सांसद अरुण भारती बुधवार को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। पार्टी नेताओं के साथ पहुंचे सांसद ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पार्टी की ओर से दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए गए।
अरुण भारती ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का समय है। परिजनों ने सांसद को बताया कि घटना के बाद वह पहले नेता हैं, जो उनके बीच पहुंचकर उनका हाल जानने आए हैं।
जमुई की नाबालिग से जुड़ी घटना पर सांसद ने बताया कि डीएम, एसपी और डीआईजी से लगातार जानकारी ली जा रही है। उनके अनुसार, पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आठ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, सभी साक्ष्य जुटाने और मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की मांग की, ताकि अदालत से दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। वहीं, आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदान का उल्लेख करते हुए सभी वर्गों को उचित अधिकार देने की बात कही।
कुड़वां निवासी अजय मांझी की मौत और पथरा निवासी ललिता देवी की मौत से जुड़े मामलों में परिजनों ने जांच व कार्रवाई की मांग की है।