न्यूज11 भारत
सुपौल/डेस्क: सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के चांदपिपर पंचायत के वार्ड नंबर-10 में गुरुवार देर रात एक बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. किशनपुर प्रखंड के बोराह पंचायत के पूर्व मुखिया उदय कुमार चौधरी के घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद की चोरी कर ली.
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे. इसी बीच चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया. सबसे पहले उन्होंने उस कमरे के बाहर से दरवाजा बंद कर दिया जिसमें गृहस्वामी और उनके परिजन सो रहे थे. इसके बाद चोरों ने दूसरे कमरे का ताला लोहे की रॉड और धारदार औजार की मदद से तोड़ दिया. अंदर प्रवेश करने के बाद गोदरेज अलमारी का ताला उखाड़कर उसमें रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपये लेकर फरार हो गए.
घटना का पता सुबह तब चला जब गृहस्वामी ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया और उसे बाहर से बंद पाया. शोर होने पर आसपास के लोग जुटे और दरवाजा खोला गया, जिसके बाद दूसरे कमरे में ताले टूटे मिले. गोदरेज अलमारी में रखे जेवरात और नकद गायब थे. पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है, जबकि नकद डेढ़ लाख रुपये भी चोर ले गए.
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए भपटियाही थाना कांड संख्या 237/25 दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों से अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है तथा जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है. उनका कहना है कि इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं के कारण रात में लोगों का चैन-ओ-आराम छिनता जा रहा है. पुलिस द्वारा गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी, आगजनी भी की गयी