न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: कटिहार जिले के आजम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर गांव में शुक्रवार की रात एक युवक को गोली मार दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बाइक सवार अपराधियों ने युवक को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मोहम्मद कोनेन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वे आजम नगर चौक से अपने घर कमलपुर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्तौल तान दी. युवक ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने गोली चला दी. गोली सीधे उनकी जांघ में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. फिलहाल युवक का इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही आजम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. घायल युवक और उसके परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वे हमलावरों को पहचानते भी नहीं है.
ऐसे में गोली चलाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे है.