न्यूज11 भारत
कटिहार/डेस्क: अगर आप अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए घर से दूर हॉस्टल में रखकर पढ़ाते हैं,तो NEWS11 की यह खास खबर आपको सतर्क करने वाली है. कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के बड़ी भैजदिरा स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल सावित्री ग्लोबल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल से 4 बच्चों के अचानक फरार होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मिली जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चे बीती रात करीब 10 बजे स्कूल परिसर की जाली तोड़कर हॉस्टल से भाग निकले. घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को देर रात ही मिल गई. जिसके बाद रात करीब 11 बजे परिजनों को फोन करके सूचना दी गई, कि आपका बच्चा हॉस्टल से भाग गया है. जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, परिवार में हड़कंप मच गया और सभी अपने स्तर से बच्चों की तलाश में जुट गए.
स्कूल प्रबंधन का कहना है,कि बच्चों की लगातार खोजबीन की जा रही है,लेकिन हैरानी की बात यह है, की काफी समय बीत जाने के बावजूद इस घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को नहीं दी गई. बाद में परिजनों ने खुद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की सूचना दी. फिलहाल स्कूल प्रबंधन और परिजन बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं, और उनकी सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं. इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है. परिजनों का कहना है, कि वे हर महीने 4 से 5 हजार रुपए फीस जमा करते हैं, इसके बावजूद हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है.यह कोई पहली घटना नहीं है,इसके पहले भी इस प्रकार की घटना सावित्री ग्लोबल पब्लिक स्कूल में घट चुकी है. इसके बावजूद भी स्कूल प्रशासन अभी तक सतर्क नहीं हो पाई. ऐसे में स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
फिलहाल सभी की नजर बच्चों की सकुशल बरामदगी पर टिकी हुई है. इस घटना ने एक बार फिर हॉस्टल में रह रहे बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बदमाशों का आतंक, पुलिसकर्मी को मारी गोली