न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सरकारी दफ्तर से महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने के आरोप में एक पूर्व मुखिया को गिरफ्तार किया गया है. मेसकौर पुलिस ने बारत पंचायत के पूर्व मुखिया सांगा संजीत उर्फ कन्हैया कुमार बादल को नालंदा जिले के राजगीर से पकड़ा है. पूर्व मुखिया पर अंचल कार्यालय से दस्तावेज चोरी करने का आरोप है. थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी थी और उसे राजगीर वैतरणी पोखर के पास से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अंचल कार्यालय से 2 जनवरी को दोपहर 3 बजे कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हुए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूर्व मुखिया पर दस्तावेजों में फेरबदल और कूट रचना की मंशा से चोरी का आरोप लगा. अंचल अधिकारी अभिनव राज ने 8 जनवरी को मेसकौर थाना में कांड संख्या -6/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
यह मामला भूमि दखल से संबंधित एक आवेदन से जुड़ा है. पूर्व मुखिया ने अपने आवेदन में विपक्षी महेंद्र यादव और उनके परिवार पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया था. जांच में पता चला कि पूर्व मुखिया के पूर्वजों ने उक्त भूमि बेच दी थी, जिसे पूर्व मुखिया ने मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद विपक्षी से सांगा संजीत के परिवार की वंशावली मांगी गई, जिसे अंचल कार्यालय में जमा किया गया. ये दस्तावेज और अभिलेख वरीय अधिकारियों को भेजे जाने थे, लेकिन इससे पहले ही पूर्व मुखिया सांगा संजीत उर्फ कन्हैया कुमार बादल ने महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए.
यह भी पढ़े: मुरादाबाद: हिंदू छात्रा को जबरन बुर्का पहनाने का आरोप, पांच मुस्लिम लड़कियों पर FIR, जांच में जुटी पुलिस