न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के बहेरी प्रखंड अंतर्गत निमेठी स्थित रामशरण लक्ष्मीनारायण महाविद्यालय के प्रांगण में आज भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र प्रसाद के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित किया.
सभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने लालू राज के जंगलराज और तेजस्वी यादव के हर घर नौकरी वाले वादे पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा, दो करोड़ अस्सी लाख लोगों को नौकरी देना संभव नहीं है. जनता से झूठ बोलकर सत्ता पाना चाहते हैं. हमारी सरकार भले हर घर नौकरी न दे पाए, लेकिन हर घर को काम और रोजगार से जोड़ने का प्रयास करेगी.
राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में आतंकवाद और पाकिस्तान पर भी कड़ा रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया. बोले, हमारी सेना ने आतंकियों को गिनती से ज्यादा मारा, लेकिन एक भी पाकिस्तानी निर्दोष की जान नहीं ली. हमारी सरकार जात-पात नहीं, इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है. सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में राज्य में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है.
सभा में स्थानीय नेताओं और हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा का चुनाव जंगल राज से मुक्ति दिलाने का है चुनाव - अमित शाह