प्रवीण दूबे/न्यूज11 भारत
जमुई/डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को जमुई जिले के लछुआड़ पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 900 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बहुप्रतीक्षित कुंड घाट जलाशय का विधिवत उद्घाटन भी किया, जिससे क्षेत्र में सिंचाई और जल आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में प्रशासनिक तैयारियां चाक-चौबंद रहीं. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
कुंड घाट जलाशय के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी. इससे न केवल सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि आसपास के गांवों में जल संकट से भी राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र तक विकास की किरण पहुंचाना है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए.
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर जुटे. कई लोगों ने अपनी समस्याएं भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दौरा जमुई जिले के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा. 900 करोड़ रुपये की योजनाओं और कुंड घाट जलाशय के उद्घाटन से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा.
यह भी पढ़ें: अवैध ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ भाजपा नेताओं ने की कार्रवाई की मांग, दो दिनों में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 3 की हुई मौत