न्यूज़ 11 भारत/ बिहार डेस्क
पटना: बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। समाज कल्याण विभाग के निर्देश के अनुसार अब राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह निर्णय छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को तेज धूप और उमस से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
सुबह चलेगी सेवाएं, दोपहर से पहले छुट्टी
नए आदेश के तहत आंगनबाड़ी केंद्र सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर की तेज गर्मी शुरू होने से पहले ही बंद कर दिए जाएंगे। इससे पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के सुरक्षित माहौल में दी जा सकेंगी। विभाग ने यह भी साफ किया है कि अगर गर्मी और बढ़ती है, तो जिलाधिकारी (डीएम) अपने स्तर पर समय में और बदलाव या केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला ले सकते हैं।
पोषाहार वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गर्मी के दौरान भी पोषाहार वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं को नियमित आपूर्ति, गुणवत्ता और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पोषण वाटिका और अन्य गतिविधियां भी नए समय के अनुसार संचालित की जाएंगी।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को तय समय के अनुसार ही केंद्र भेजें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। बच्चों को हल्के सूती कपड़े पहनाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और दोपहर के समय घर के अंदर ही रखें।
सरकार की प्राथमिकता—स्वास्थ्य और सुरक्षा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर केंद्र पहुंचकर पोषाहार वितरण, प्री-स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य जांच जैसी सभी गतिविधियां निर्धारित समय में पूरी करें।राज्य सरकार ने कहा है कि वह मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यह फैसला बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।