अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: गयाजी जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर ने टनकुप्पा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पहुंचकर विभिन्न कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारी व कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सबसे पहले डीएम ने आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि काउंटर के बाहर यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए कि कौन-कौन से आवेदन लिए जाते है तथा विभिन्न योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज क्या है. आम लोगों द्वारा म्यूटेशन का ऑफलाइन आवेदन नहीं लेने की शिकायत पर डीएम ने अंचल अधिकारी को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. जनता दरबार के दौरान डीएम ने स्वयं आवेदकों को फोन कर उनकी समस्याओं का फॉलोअप लिया. म्यूटेशन, भूमि कब्जा और दाखिल-खारिज मामलों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही पर संबंधित कर्मियों व अंचल अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया.
भूमिहीन महिला बालेश्वरी देवी के मामले में डीएम ने सात दिनों के भीतर जमीन चिन्हित कर पर्चा देने का आदेश दिया. इसके अलावा पेंशन, कबीर अंत्येष्टि, पारिवारिक लाभ योजनाओं की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर पंचायत सचिवों से जवाब-तलब किया गया. डीएम ने सोलर स्ट्रीट लाइट, पंचायत सरकार भवन, वित्त आयोग की योजनाओं तथा कृषि विभाग की भूमि का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए.
यह भी पढ़े: सहरसा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, मजदूर को गोली मारकर किया गया घायल