अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया/डेस्क: संगीन आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ मुफ्फसिल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. एक करोड़ चार लाख रुपये के गबन, हत्या और पुलिस बल पर हमले जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों के आठ घरों पर विधिवत कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चस्पा किया गया. यह कार्रवाई ढोल-नगाड़ों और डुगडुगी के साथ मुनादी कराकर की गई, ताकि इलाके में कानून का स्पष्ट संदेश जाए.
पुलिस के अनुसार, आठ में से तीन घर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में हैं. मामला जमीन सौदे के नाम पर एक मैरीन इंजीनियर से एक करोड़ चार लाख रुपये की ठगी से जुड़ा है. अपर थानाध्यक्ष शशि भानु ने बताया कि कुणाल यादव, दिव्या भारती, सईदा खातून, मर्तजा और राजन पर सीताकुंड के पास जमीन बेचने के नाम पर ठगी का आरोप है. बाद में पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, वह पहले ही किसी अन्य के नाम बिक चुकी थी.
इसके अलावा भिंडस के पास मनोज सिंह और कचौड़ी सिंह के घरों पर तथा हत्या के अलग-अलग मामलों में फरार बुधगेरे निवासी रंजीत मांझी, संजीत मांझी और मुसाफिर मांझी के घरों पर भी इश्तेहार चस्पा किया गया है. थानाध्यक्ष एसके द्विवेदी ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार एक माह के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें: 'बिहार की महिलाएं बिकती है' बिहार विधानसभा में बोल गये तेजस्वी यादव, फिर तो मच गया हंगामा