अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: रोहतास जिले में बुधवार की अहले सुबह एक विवाहिता की शादी के लगभग 15 वर्ष बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना नोखा थाना क्षेत्र के सिसिरता ओपी अंतर्गत कोरी मानी गांव की है और मृतका की पहचान विपिन चौधरी की लगभग 28 वर्षीय पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है. मृतका को कुल चार बच्चे भी हैं.
गला दबाकर हत्या का आरोप
मामले में मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार मृतका पूनम देवी का पति विपिन चौधरी अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसको लेकर महिला थाने में एक दो बार समझौता भी कराया गया था. लेकिन फिर अचानक बुधवार की सुबह फोन पर सूचना मिली कि आपकी बेटी की मौत हो गई है. हालांकि परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है और जांच की मांग की है.
हिरासत में पति एवं सास, जांच जारी
घटना के संदर्भ में सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह सिसिरता ओपी को सूचना मिली कि कोरी मानी गांव में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटनास्थल पर तत्काल पहुंची पुलिस के समक्ष कई संदिग्ध बातें सामने आई हैं और फिलहाल मृतका के पति एवं सास को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है और हर पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में नशे में जबरन विवाह का मामला वायरल, युवक की बेहोशी के बीच शादी कराई गई