न्यूज11 भारत
बेतिया/डेस्क: बेतिया के कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड पर शराब तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. यूपी से शराब लेकर सीतामढ़ी की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार ने शहनाई होटल से दिल्ली जा रहे एक परिवार की कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के तुरंत बाद शराब से लदी स्विफ्ट कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही कालीबाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जब स्विफ्ट कार की तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में बीयर बरामद हुई.
पुलिस के अनुसार स्विफ्ट कार से कुल 26 पेटी बीयर बरामद की गई है, जिसकी मात्रा लगभग 312 लीटर आंकी गई है. शराब को जब्त कर लिया गया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में दिल्ली लौट रहे परिवार के एक सदस्य को चोटें आई हैं, जिन्हें आनन-फानन में जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
फिलहाल पुलिस स्विफ्ट कार के मालिक की पहचान करने में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
यह भी पढ़ें: सहरसा के फरेबा गांव में एक साथ चार युवकों ने खाई कीटनाशक दवा, चारों की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज