अमेरिका में टेकऑफ के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, आग की लपटों में घिरा विमान, 8 लोग सवार

अमेरिका में टेकऑफ के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, आग की लपटों में घिरा विमान, 8 लोग सवार

Image not available

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
अमेरिका के मेन (Maine) राज्य में रविवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जब एक प्राइवेट जेट उड़ान भरते ही क्रैश हो गया और आग की भीषण लपटों में घिर गया. यह घटना बैंगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7:45 बजे हुई. अमेरिकी विमानन नियामक फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने इस हादसे की पुष्टि की और बताया कि विमान में कुल आठ लोग सवार थे.

FAA के मुताबिक, यह विमान ट्विन-इंजन टर्बो-फैन जेट बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 था। क्रैश के तुरंत बाद विमान में आग भड़क गई और घटनास्थल पर बेहद खतरनाक स्थिति पैदा हो गई. एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि आग की लपटें बहुत तेज थी. फिलहाल, यात्रियों और क्रू मेंबर्स की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया हैं.

हादसे के समय एयरपोर्ट पर हल्की बर्फबारी भी हो रही थी. हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मौसम इस दुर्घटना का कारण था या नहीं. पूरे मेन राज्य में उस समय विंटर स्टॉर्म वॉर्निंग जारी थी. बैंगर मेन का तीसरा सबसे बड़ा शहर है और यहां इस हादसे के बाद आपातकालीन गतिविधियां तेज कर दी गई हैं. सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, यह प्राइवेट जेट टेक्सास से मेन पहुंचा था. विमान का रजिस्ट्रेशन ह्यूस्टन स्थित पर्सनल इंजरी लॉ फर्म 'अर्नोल्ड एंड इटकिन' के नाम पर दर्ज हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विमान अप्रैल 2020 में सेवा में आया था.
FAA ने बताया कि इस हादसे की पूरी जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर की जाएगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि टेकऑफ के समय विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या दुर्घटना किसी अन्य वजह से हुई. जांच पूरी होने तक यात्रियों की पहचान और हादसे में हुए नुकसान की पुष्टि नहीं की जा सकती हैं.

यह भी पढ़े: Republic Day 2026: पटना के गांधी मैदान से विधानसभा तक तिरंगे की शान, कड़े सुरक्षा के बीच गूंजा राष्ट्रगान