न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की झारखंड प्रदेश कमिटी का पुनर्गठन कर कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है. इस अवसर पर रांची के रिंग रोड स्थित एक सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर सहित कई राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान झारखंड प्रदेश के लिए नई कमान सौंपी गई. विनय कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष, मनीषा सिंह को महिला प्रदेश अध्यक्ष और आदर्श सिंह को युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया. सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया.
इस दौरान महेंद्र सिंह तंवर ने अपने संबोधन में सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज को अपनी भूमिका समाज में मजबूती से निभानी होगी. साथ ही उन्होंने देशभर में आर्थिक आधार पर आरक्षण की वकालत की. उन्होंने कहा कि आरक्षण धर्म या जाति के आधार पर नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के अनुसार मिलना चाहिए, ताकि असली जरूरतमंदों तक इसका लाभ पहुंचे. इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षत्रिय महासभा ने स्पष्ट संकेत दिया कि अब झारखंड में संगठन की सक्रियता नए तेवर और मजबूती के साथ आगे देखने को मिलेगी.