न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है. सीवी आनंद बोस को 17 नवंबर 2022 को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था. इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक राज्यपाल के पद पर रहे हैं और अब पद छोड़ने का निर्णय लिया है.
दिल्ली से सामने आई इस्तीफे की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, सीवी आनंद बोस फिलहाल दिल्ली में हैं और उन्होंने वहीं से अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेजा. बताया जा रहा है कि वह शाम करीब 4:55 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल को दार्जिलिंग का दौरा करना था और गवर्नर कार्यालय के अधिकारी पहले ही वहां पहुंच चुके थे. लेकिन बाद में खबर मिली कि राज्यपाल अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए. इसके बाद उनके इस्तीफे की जानकारी सामने आई. सूत्रों का यह भी कहना है कि सीवी आनंद बोस लगभग 21–22 दिन पहले ही इस्तीफा देने का मन बना चुके थे.
आरएन रवि बन सकते हैं नए राज्यपाल
इधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री से जानकारी मिली है कि आरएन. रवि को सीवी आनंद बोस की जगह पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल बनाया जा सकता है. राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है.
ये भी पढ़ें- 8 मार्च को JDU की सदस्यता लेंगे निशांत कुमार ! CM नीतीश ने दी हरी झंडी