न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में Commercial LPG सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया है.

विभिन्न समाचार माध्यमों एवं प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, केंद्र सरकार के निर्देश के बाद अस्पतालों और स्कूलों को छोड़कर अन्य संस्थानों को Commercial LPG सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है. इस निर्णय का असर झारखंड के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटल व्यवसाय और उनके कर्मचारियों पर पड़ रहा है.
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रांची स्थित USHA Martin Ltd. सहित कई औद्योगिक संस्थानों ने अवगत कराया है कि औद्योगिक कैंटीन के संचालन में कठिनाई हो रही है, जिसके कारण वहां कार्यरत हजारों श्रमिकों के भोजन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है. यदि यह स्थिति बनी रहती है तो औद्योगिक इकाइयों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे राज्य की औद्योगिक प्रगति प्रभावित होने की आशंका है.
डॉ. इरफान अंसारी ने यह भी कहा कि राज्य के होटल और भोजनालयों में भी Commercial LPG सिलेंडर का उपयोग बड़े पैमाने पर होता है. कई होटल अस्पतालों में भी भोजन की आपूर्ति करते हैं. ऐसे में सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से होटल व्यवसाय, उससे जुड़े लोगों की आजीविका और आम जनता की सुविधाएं भी प्रभावित हो सकती हैं.
इस संदर्भ में स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि झारखंड के औद्योगिक संस्थानों के कैंटीन तथा होटलों में Commercial LPG सिलेंडर की आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि श्रमिकों के भोजन की व्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियां सुचारु रूप से जारी रह सकें. स्वास्थ्य मंत्री ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेकर राज्य के उद्योगों, होटल व्यवसाय और श्रमिकों को राहत प्रदान करेगी.
ये भी पढ़ें- डायन-बिसाही' जैसी कुप्रथा समाज के माथे पर कलंक, झारखंड में थमे अमानवीय अत्याचार: दीपक प्रकाश