न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर लोगों को चौंका दिया हैं. जाते-जाते सर्दी ने ऐसी वापसी की है कि पूरा राज्य फिर से कड़कड़ाती ठंड की गिरफ्त में आ गया हैं. पिछले कुछ दिनों से तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद यह माना जा रहा था कि अब ठंड विदा होने वाली है, लेकिन अचानक चली बर्फीली हवाओं ने हालात बदल दिए. नतीजा यह है कि सुबह-शाम घर से निकलना मुश्किल हो गया है और लोग दोबारा गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं.
रांची समेत कई जिलों में बढ़ी ठिठुरन
राजधानी रांची के अलावा गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और आसपास के इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा हैं. तेज ठंडी हवाओं के कारण कनकनी इतनी बढ़ गई है कि सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा हैं. सड़कों पर लोग भारी जैकेट, टोपी और मफलर में लिपटे दिखाई दे रहे हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई हैं. कुछ दिन पहले जहां रात का तापमान 14 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह गिरकर 9 से 10 डिग्री पर पहुंच गया हैं. गुमला सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान करीब 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. आने वाले 24 घंटों के लिए मौसम का मिजाज और सख्त होने के संकेत मिल रहे हैं. विशेष रूप से पलामू, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई हैं. हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है, लेकिन सुबह और शाम को घना कोहरा और ठंडी हवाएं परेशानी बढ़ाएंगी.
उत्तर भारत की हवाओं से बढ़ी सर्दी
मौसम के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाएं इस अचानक आई गिरावट की मुख्य वजह हैं. इसका असर अगले दो-तीन दिनों तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बना रह सकता हैं. कुल मिलाकर, झारखंड में ठंड का ‘रिटर्निंग टिकट’ पूरी तरह कंफर्म हो चुका है और आने वाले कुछ दिन लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा.
यह भी पढ़े: रांची: ब्लेयर अपार्टमेंट के छठे मंजिल से व्यवसायी ने लगाई छलांग, मौके पर हुई मौत