न्यूज11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुवार को पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने मनोहरपुर में तूफानी दौरा किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.
स्कूलों का निरीक्षण, बच्चों को पढ़ाया गणित
डीसी ने सबसे पहले मनोहरपुर के एसएसआईपी प्लस टू हाई स्कूल, संत नरसिंह बालिका उच्च विद्यालय, और संत अगस्तीन हाई स्कूल का निरीक्षण किया. उन्होंने पुराने भवनों के जीर्णोद्धार, निर्माणाधीन नए स्कूल भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने जल्द ही इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की.
निरीक्षण के दौरान डीसी खुद क्लासरूम में पहुंचे और बच्चों को गणित विषय पढ़ाया, साथ ही उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया.
जलजमाव पर गंभीर, नाली निर्माण का निर्देश
मनोहरपुर शहर के दोनों मुख्य मार्गों पर बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या पर डीसी ने गंभीरता दिखाई. उन्होंने जल्द ही जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराने की बात कही.
सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल
इसके बाद डीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनोहरपुर का दौरा किया. उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, पुरुष व महिला वार्ड, एमटीसी (कुपोषण उपचार केंद्र), शल्य कक्ष, प्रसव कक्ष, दंत चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण किया. टेक्नीशियन के अभाव में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीन को भी देखा. डीसी ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए डीएमएफटी फंड से डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी और टेक्नीशियन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. निरीक्षण के दौरान वे अपना स्वास्थ्य परीक्षण ब्लड प्रेशर,सुगर जाँच कराया,जो सामान्य पाया गया.
रायकेरा में पंचायत और आईटीआई का जायजा
अंत में डीसी ने रायकेरा पंचायत का दौरा कर जीर्णोद्धार पंचायत भवन, और आईटीआई सेंटर का जायजा लिया. उन्होंने आईटीआई प्रबंधन को प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थियों को बेहतर प्रशिक्षण मुहैया कराने का निर्देश दिया. मौके पर बीडीओ शक्ति कुंज,सीओ प्रदीप कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी तृषा सिंह के निधन पर पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने जताया शोक