प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है. बरवाडीह प्रखंड की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को लेकर वन विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है. इस संबंध में डीएफओ प्रजेश कांत जेना ने स्वीकृति प्रदान की है, जिससे लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने की उम्मीद है.मिली जानकारी के अनुसार, लाभर से लात होते हुए टोंगारी तक तथा लाभर से नावाडीह तक जाने वाली सड़कों को एनओसी मिल गई है. ये दोनों सड़कें क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं, क्योंकि इनके निर्माण से दर्जनों गांवों का आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.रेंजर अजय टोप्पो ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और दोनों सड़कों के लिए एनओसी जारी कर दी गई है. अब संबंधित विभाग द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी. बरसात के दिनों में जहां अभी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं सड़क बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी.स्थानीय ग्रामीणों ने इस निर्णय पर खुशी जताई है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर इसे पूरा किया जायेगा.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत बरवाडीह में लाभुकों को जोड़ा बैल वितरित, किसानों में खुशी