न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: बहुचर्चित प्रथम JPSC नियुक्ति घोटाला मामले में 30 आरोपियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें. इस मामले में अगली सुनवाई 13 जुलाई को होनी है और समझा जा रहा है कि आरोपियों पर कोर्ट की कार्रवाई हो सकती है. कोर्ट की निर्धारित 10 से अधिक तिथियों में कई आरोपी उपस्थित नहीं हुए थे ऐसे में समझा जा रहा है कि इन आरोपियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
बता दें कि जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप प्रसाद समेत 74 के खिलाफ सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की गयी है. हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने 12 साल में जांच पूरी करते हुए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी. सीबीआई को जांच के दौरान भारी गड़बड़ी साक्ष्य मिले हैं. मामले को लेकर सीबीआई ने RC/5 2012 के तहत दर्ज प्राथमिकी दर्ज की थी.
आरोप है कि जेपीएससी के तत्कालीन सदस्य और कॉर्डिनेटर के कहने पर अभ्यर्थियों के नंबर बढ़ाए गये थे. अभ्यर्थियों की कॉपी में कांट-छांट कर नंबर बढ़ाए गए थे. इतना ही नहीं, इंटरव्यू में भी नम्बर बढ़ाने का आरोप है. बाद में कॉपियों की जांच गुजरात के फोरेंसिक लैब में करायी गयी थी.
झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने जांच शुरू की थी. कोर्ट ने जून 2012 में सीबीआई जांच का आदेश दिया था. सीबीआई ने जुलाई 2012 में 32 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. बता दें कि नियुक्ति पाने वाले कई लोग अब प्रमोशन पाकर वरीय अधिकारी बन गए है.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथपुर हत्याकांड: 6 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने विस्तार से दी जानकारी