राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र के बोरसीदाग स्थित देवनद नदी के समीप शुक्रवार देर शाम नाबालिग की गुमशुदगी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित रूप से पथराव कर दिया गया. घटना में पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक पुलिस अवर निरीक्षक और एक महिला कांस्टेबल घायल हो गईं.
पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चंदवा थाना कांड संख्या 133/26 के तहत बरवाडीह निवासी 13 वर्षीय राजकुमार उरांव की गुमशुदगी का मामला उसकी मां शीला देवी के आवेदन पर दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बालक चंदवा के एक होटल में काम कर रहा था. जब उसकी मां होटल पहुंची तो वह वहां नहीं मिला. इसके बाद मां की शिकायत पर पुलिस जांच के लिए होटल पहुंची थी.
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान होटल संचालिका मुनिया देवी, उसके परिजनों और कुछ अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा.
घटना के बाद पुलिस ने मुनिया देवी को गिरफ्तार कर सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में चंदवा थाना कांड संख्या 134/26 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है, जबकि गुमशुदा नाबालिग की तलाश भी की जा रही है.
सरकारी जमीन पर होटल होने के आरोपों पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह मामला भी चर्चा में है कि संबंधित होटल कथित रूप से देवनद नदी के समीप सरकारी भूमि पर बना हुआ है. हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
यदि होटल वास्तव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि अब तक संबंधित विभाग की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं हुई. वहीं, यदि यह आरोप गलत हैं, तो प्रशासन को भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके.
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस कार्रवाई के बाद क्या जिला प्रशासन होटल की भूमि की जांच कराएगा और यदि अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो क्या नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.