फार्मा अन्वेषण झारखंड 2026 में बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, नवाचार और...

फार्मा अन्वेषण झारखंड 2026 में बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, नवाचार और रिसर्च ही स्वास्थ्य क्षेत्र का भविष्य

फार्मा सेक्टर में रिसर्च और इनोवेशन से बनेगा मजबूत हेल्थ सिस्टम : डॉ. इरफान अंसारी

फार्मा अन्वेषण झारखंड 2026 में बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी नवाचार और रिसर्च ही स्वास्थ्य क्षेत्र का भविष्य

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग के बीच समन्वय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “फार्मा अन्वेषण झारखंड 2026” का भव्य आयोजन सोमवार को रांची में किया गया. यह कार्यक्रम फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की पहल ‘फार्मा अन्वेषण’ के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसकी मेजबानी आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, रांची के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा की गई. कार्यक्रम का आयोजन रांची इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ ऑडिटोरियम, नामकुम में हुआ, जिसमें राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, फार्मेसी संस्थानों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने विचारों, शोध और नवाचारों को साझा किया.

इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “फ्यूचर फार्मा इकोसिस्टम: अकादमिक, इंडस्ट्री, रिसर्च, रेगुलेटरी एवं प्रैक्टिस के बीच समन्वय” रखी गई थी. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा देना तथा युवाओं में नवाचार और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना था.

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. अपने प्रभावशाली संबोधन में उन्होंने कहा कि फार्मेसी शिक्षा और अनुसंधान स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में फार्मासिस्ट और शोधकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज के दौर में स्वास्थ्य क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई-नई तकनीकों, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से दवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और बेहतर बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और फार्मेसी शिक्षा व अनुसंधान को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है.

डॉ. अंसारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश को ऐसी नई पीढ़ी की आवश्यकता है जो शोध, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सके. उन्होंने कहा कि दवाओं के क्षेत्र में नई खोज, किफायती और प्रभावी दवाओं का विकास तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और सशक्त बनाएगा.

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा प्रतिभाशाली हैं और यदि उन्हें सही मंच और अवसर मिले तो वे स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं. ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं, जो उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में धर्मेन्द्र सिंह (ईसी सदस्य, पीसीआई एवं जोनल समन्वयक – फार्मा अन्वेषण), शशि प्रकाश झा (आईएएस, मिशन निदेशक – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड) तथा ऋतु सहाय (औषधि निदेशक, झारखंड सरकार) उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने फार्मेसी शिक्षा में अनुसंधान, नवाचार और उद्योग के साथ समन्वय को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई शैक्षणिक और नवाचार आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इनमें विचार प्रस्तुति एवं नवाचार प्रतियोगिता, स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़े विचारों की प्रस्तुति, शोध पत्र और पेटेंट प्रस्तुति, कार्यशील या अवधारणा आधारित मॉडल प्रस्तुति तथा पोस्टर प्रस्तुति शामिल थे. इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने शोध और नवाचार से जुड़े विचार प्रस्तुत किए.

इस अवसर पर आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति प्रो. डॉ. एस. चटर्जी ने कहा कि फार्मा अन्वेषण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अनुसंधान और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

वहीं विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अमित कुमार पांडेय ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को अपने शोध कार्य और नवाचार को विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिससे उनके ज्ञान और अनुभव में वृद्धि होगी. कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ ही यह संदेश भी सामने आया कि फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग के बीच मजबूत साझेदारी ही भविष्य की सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला बनेगी.

संबंधित सामग्री

प्रदेश भाजपा ने राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को दी बधाई

झारखंड

प्रदेश भाजपा ने राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को दी बधाई

पत्रकार प्रवीण सिन्हा के असामयिक निधन पर प्रदेश भाजपा ने जताया शोक

झारखंड

पत्रकार प्रवीण सिन्हा के असामयिक निधन पर प्रदेश भाजपा ने जताया शोक

नवादा में डिज्नीलैंड मेले के पास बच्चे को गोली लगी, गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

बिहार

नवादा में डिज्नीलैंड मेले के पास बच्चे को गोली लगी, गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष साजिद हुसैन ने योजनाओं पर चर्चा की,  पानी, बिजली और सफाई पर दिया जोर

झारखंड

कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष साजिद हुसैन ने योजनाओं पर चर्चा की, पानी, बिजली और सफाई पर दिया जोर

बकाया होल्डिंग टैक्स एक सप्ताह में जमा करें, अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई - कार्यपालक पदाधिकारी

झारखंड

बकाया होल्डिंग टैक्स एक सप्ताह में जमा करें, अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई - कार्यपालक पदाधिकारी