भरत मंडल /न्यूज 11 भारत
गांडेय/ डेस्क: गांडेय प्रखंड के बरमसिया टू पंचायत के दीवाना मोड़ चौरा से धरधरवा नाला तक बन रही सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में घटिया सामग्री के उपयोग और मनमानी तरीके से कार्य करने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है. ढलाई के साथ ही पीसीसी सड़क में जगह-जगह दरार पड़ने से ग्रामीणों में आक्रोश है.
ग्रामीणों का कहना है कि जहां आठ इंच मोटाई की पीसीसी ढलाई होनी थी, वहीं ठेकेदार द्वारा मात्र चार इंच की ही ढलाई की जा रही है. साथ ही सीमेंट और गिट्टी की मात्रा मानक के अनुसार नहीं दी जा रही है. मोरम पर ही जैसे-तैसे पीसीसी डाल दी जा रही है, जिसके कारण रविवार को ढलाई के अगले ही दिन सड़क में कई जगहों पर दरारें दिखाई देने लगीं.
ग्रामीण नरेश वर्मा, मुकेश मंडल, रिंकू वर्मा, महावीर यादव, रतन कुशवाहा, संतु तुरी, गिरजा शंकर वर्मा, मनीष कुमार वर्मा, रवि तुरी, अजय तुरी, उमेश कुमार, राजेंद्र राय, गोविंद वर्मा, सरलू तुरी, मनोज वर्मा सहित कई लोगों ने बताया कि संवेदक के कर्मी अब दरारों पर लीपापोती में जुट गए हैं. ग्रामीणों ने विभाग से जांच कर दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है.
इधर, कनीय अभियंता फैयाज अहमद ने बताया कि उक्त सड़क आरईओ विभाग के अधीन बन रही है. उन्होंने स्वीकार किया कि ग्रामीणों की ओर से कार्य में अनियमितता की सूचना मिली है. संबंधित ठेकेदार को मापदंड के अनुसार काम करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि कार्य में गड़बड़ी पाई गई तो सड़क को सुधारते हुए दुरुस्त कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 2 नवम्बर को पीएम मोदी का पटना में रोड शो, कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी बिहार बीजेपी