मधु सुदन/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: आरआईटी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी के चांदी एवं सोने के आभूषण सहित करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर निवासी बृजेश कुमार ठाकुर के लिखित आवेदन पर आरआईटी थाना कांड संख्या 26/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में उनके बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा नकदी एवं आभूषण चोरी कर लेने की बात कही गई थी.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रतन नाग उर्फ रत्न लोहार (23 वर्ष) तथा केसर पात्रो (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए. बरामद सामान में 10 चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी एवं गणेश प्रतिमा, दो सिंदूर डिब्बी, एक कलाई घड़ी, एक सोने की अंगूठी, चांदी की कटोरी, दो चांदी की मछिया, तीन जोड़ी चांदी के पायल, चांदी का कमरबंद, चांदी का चाबी गुच्छा तथा 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी चोरी सहित अन्य मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में गठित छापामारी दल के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.