संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू और डालटनगंज के रास्ते सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है. रेलवे प्रशासन की ओर से रविवार रात को एक अहम अधिसूचना जारी की गई है, जिसके तहत इस रूट से गुजरने वाली कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है. निर्माण कार्य के मद्देनजर रेलवे ने आगामी 22 से 28 जून तक कुल 14 पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया है, जबकि 16 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में 27 जून तक के लिए बदलाव (डायवर्जन) किया गया है.
इस वजह से लिया गया ब्लॉक का निर्णय
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोन नगर से पतरातू रेलवे स्टेशन के बीच बिछाई जा रही तीसरी रेल लाइन का काम अब अपने अंतिम चरण में है. इस रेलखंड के अधिकांश हिस्सों में निर्माण कार्य को पहले ही पूरा कर लिया गया है. वर्तमान में छिपादोहर और मंगरा रेलवे स्टेशन के बीच इस तीसरी लाइन को जोड़ने (इंटरलॉकिंग) का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. इसी तकनीकी कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए रेलवे ने इस रूट पर ब्लॉक लेने का फैसला किया है.
बदले मार्ग से चलेंगी ये 16 एक्सप्रेस ट्रेनें
मार्ग परिवर्तन के तहत डालटनगंज से गुजरने वाली 16 एक्सप्रेस ट्रेनों को अब गढ़वा रोड, गया, डेहरी ऑन सोन और बरकाकाना के वैकल्पिक रास्तों से चलाया जाएगा. धनबाद क्षेत्र से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को धनबाद, गढ़वा रोड और चोपन के रास्ते डायवर्ट किया गया है, वहीं रांची की दिशा से आने-जाने वाली ट्रेनों को डेहरी और गढ़वा रोड के रास्ते गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा. 22 से 27 जून तक बदले हुए मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में प्रमुख रूप से ये शामिल हैं:
विशाखापट्टनम-बनारस एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस, रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-टाटा एक्सप्रेस, जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस, आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस, वाराणसी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस, जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस और बनारस-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस.
पलामू की लाइफलाइन समेत 14 पैसेंजर ट्रेनें रद्द
इस निर्माण कार्य का सबसे बड़ा असर स्थानीय यात्रियों पर पड़ेगा क्योंकि रेलवे ने कुल 14 पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया है. पलामू क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली रांची-सासाराम एक्सप्रेस आगामी 23 जून से 27 जून तक पूरी तरह रद्द रहेगी. इसके अतिरिक्त जिन अन्य पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें मुख्य रूप से बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह, बरकाकाना-बनारस और डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति की जांच अवश्य कर लें.
यह भी पढ़ें: चिरुबदार गांव को मिली गंदे पानी से मुक्ति, PHED ने कराया नया बोरवेल, अब मिलेगा स्वच्छ पानी