अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: पवित्र रमजान महीने के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुम्मा के अवसर पर आज लातेहार में अकीदत और आस्था का नजारा देखने को मिला. शहर की प्रमुख मस्जिदों अम्बाकोठी स्थित जामा मस्जिद, डुरूआ, अम्वाटीकर, करकट आदि में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए हजारों की संख्या में नमाजी जुटे. सभी ने मिलकर देश और राज्य में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी.
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुम्मा की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में भाईचारे और एकता की भावना साफ झलक रही थी. इस दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात रही, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई.
अलविदा जुम्मा के साथ ही अब ईद-उल-फितर की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. लोग कपड़े, जूते, सेवइयां और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी में जुट गए हैं.
अलविदा जुम्मा के इस मौके पर लातेहार जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य प्रखंडों में भी भाईचारे और सामाजिक सहयोग का सुंदर संगम देखने को मिला, जो आने वाली ईद की खुशियों का संकेत दे रहा है.
यह भी पढ़ें: जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत भरनो प्रखंड के दतिया गांव में जल अर्पण दिवस का आयोजन