नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित UGC-NET जून 2026 परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुमला जिले की बसिया निवासी प्रगति कुमारी ने अपनी मेधा और लगन का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है.
प्रगति ने अंग्रेजी विषय में 91.29 पर्सेंटाइल स्कोर (300 में से 184 अंक) प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर तथा पीएचडी एडमिशन दोनों के लिए सफलता अर्जित की है.
बचपन से ही प्रखर बुद्धि की धनी रहीं प्रगति ने अपनी स्नातक (अंग्रेजी) की पढ़ाई वसंत कॉलेज फॉर वूमेन, वाराणसी से तथा स्नातकोत्तर (अंग्रेजी) की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से प्रथम श्रेणी में पूरी की है. बिना किसी भारी-भरकम कोचिंग के, निरंतर स्वाध्याय और सटीक रणनीति के बल पर मिली इस स्वर्णिम सफलता का श्रेय उन्होंने अपने नाना जी (सेवानिवृत्त प्राचार्य द्वारका प्रसाद यादव), पिता प्रोफेसर नरेश कुमार और माता स्वर्णलता के कुशल मार्गदर्शन व निरंतर प्रेरणा को दिया है. प्रगति की इस बड़ी उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे बसिया क्षेत्र में उत्सव का माहौल है; परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी. वहीं बीएचयू व वसंत कॉलेज के प्राध्यापकों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
इसे भी पढ़ें: जमीन फर्जीवाड़ा: हेमंत सोरेन पर आरोप गठन के बिंदु पर आज होगी सुनवाई