संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का त्वरित और पेशेवर तरीके से खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है. दिनांक 15 नवंबर 2025 की देर रात लगभग 01:10 बजे, थाना क्षेत्र के प्रादुई, ग्राम खास टोला बड़का बिट्टा निवासी योगेन्द्र कुमार सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
घटना की सूचना मिलते ही, थाना प्रभारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने बिना देरी किए त्वरित कार्रवाई करते हुए, गाड़ीखास इलाके से चोरी के सामान के साथ चार चोरों को धर दबोचने में सफलता हासिल की.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ये सभी बिहार राज्य के रोहतास जिले के रहने वाले हैं और ये अंतरराज्यीय चोरों का एक गिरोह है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से पलामू के विभिन्न इलाकों में दिन के समय रैकी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
इन आरोपियों ने टाउन थाना क्षेत्र के एक अन्य घर में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उस दूसरे घर से चोरी किए गए सामान को भी बरामद कर लिया है.
सदर SDPO, मणिभूषण प्रसाद ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगी है और अपराधियों के मनोबल को बड़ा झटका लगा है.
यह भी पढ़ें: शांति और आस्था का सागर—ख्रीस्त राजा जयंती पर बरवाडीह में निकली शानदार शोभायात्रा